- सरकार के मुताबिक, देश में 42 हजार 836 कोरोना संक्रमित, 11 हजार 762 ठीक हो चुके हैं और 1389 की मौत हुई
- सरकार ने कहा- बीते 24 घंटे में रिकॉर्ड 1074 मरीज ठीक हुए, संक्रमितों की रिकवरी रेट बढ़कर 27.52% हुई
दैनिक भास्कर
May 04, 2020, 11:59 PM IST
नई दिल्ली. दिल्ली में सोमवार से शराब दुकानें खुलीं तो हजारों की संख्या में लोगों की कतारें लग गईं। कुछ जगहों पर पुलिस ने लाठीचार्ज कर सोशल डिस्टेंसिंग की धज्जियां उड़ा रही भीड़ को तितर-बितर किया। अब कोरोना संकट के बीच केजरीवाल सरकार मंगलवार से शराब पर 70% अतिरिक्त टैक्स वसूलेगी। इसके आदेश देर रात जारी किए गए। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने इस टैक्स को स्पेशल कोरोना फीस नाम दिया है। आदेश में कहा गया है कि पुलिस सुबह 9 बजे से शाम 6.30 बजे तक दुकानें खुलवाए।
देश में कोरोना संक्रमितों की संख्या 46 हजार 437 हो गई है। सोमवार को महाराष्ट्र में 1567, गुजरात में 376, दिल्ली में 349, राजस्थान में 175, पंजाब 130, उत्तरप्रदेश में 121, तमिलनाडु में 527, मध्यप्रदेश में 105 समेत 3656 से ज्यादा रिपोर्ट पॉजिटिव आईं। ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। आज प. बंगाल में 72 कंटेनमेंट जोन बढ़े। अब प्रदेश में इनकी संख्या 516 हो गई है। इनमें से 318 अकेले कोलकाता में हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कुल संक्रमित 42 हजार 836 हैं। 29 हजार 685 का इलाज चल रहा है। 11 हजार 762 ठीक हो चुके हैं और 1389 की मौत हुई। बीते 24 घंटे में 2573 नए मामले आए, रिकॉर्ड 1074 मरीज भी ठीक हुए, जबकि 83 मरीजों ने दम तोड़ा। अब देश में संक्रमितों की रिकवरी रेट बढ़कर 27.52% हो गई।
बंगाल में संक्रमितों की मृत्युदर सबसे ज्यादा
केंद्र की टीम ने मुख्य सचिव को पत्र लिखा कि राज्य में कोरोना संक्रमितों की मौत की दर 12.8% है, जो देश में सबसे ज्यादा है। दरअसल, बंगाल में कोरोना मरीजों की मौत के आंकड़ों पर विवाद है। सीएम ममता बनर्जी ने माना था कि राज्य में कोरोना से 105 मौतें हुईं, लेकिन इनमें से 72 को अन्य बीमारियां भी थीं, इसलिए इन्हें कोरोना के साथ नहीं गिना जाएगा। उन्होंने पूछा था कि अगर कोई संक्रमित साइकिल से गिरकर मर जाए तो क्या इसे कोरोना से मौत माना जाएगा?
पिछले महीने कोरोना से ज्यादा प्रभावित राज्यों में केंद्र की टीमों को पड़ताल के लिए भेजा गया था। बंगाल से लौटी टीम ने वहां के मुख्य सचिव को पत्र लिखकर पूछा था कि राज्य में संक्रमितों की मौत का कारण कैसे तय किया?
अमृतसर से 250 एनआरआई ब्रिटेन लौटे
कोरोनावायरस लॉकडाउन के चलते ब्रिटेन में रहने वाले एनआरआई पिछले एक महीने से भी ज्यादा वक्त से अमृतसर में रुके हुए थे। ऐसे 250 एनआरआई को रविवार की रात स्पेशल फ्लाइट के जरिए ब्रिटेन भेजा गया। अमृतसर के गुरु रामदासजी एयरपोर्ट पहुंचे सभी एनआरआई मास्क लगाए हुए थे और इन्होंने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी किया।
कोरोना से संबंधित अपडेट
- सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा टाली गई: यूपीएसई ने सिविल सर्विस प्रारंभिक परीक्षा लॉकडाउन की वजह से फिलहाल टाल दी है। यह परीक्षा 31 मई को होनी थी। परीक्षा की नई तारीख 20 मई को घोषित की जाएगी।
- मदद पहुंचाने के लिए तकनीक का इस्तेमाल: सरकार अब टेलीमेडिसीन के लिए आरोग्य सेतु मित्र ऐप लॉन्च करेगी। बड़े पैमाने पर लोगों तक मदद पहुंचाने के लिए आर्टीफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) की मदद ली जा रही है।
- बीएसएफ मुख्यालय में पहुंचा संक्रमण: दिल्ली में बीएसएफ के मुख्यालय में भी एक संक्रमित पाया गया है। वह 1 मई को ड्यूटी पर आया था। इससे पहले रविवार को भी दिल्ली में बीएसएफ के 25 जवान संक्रमित पाए गए। इस सुरक्षा बल के कुल 54 जवान संक्रमित हैं।
- सीआरपीएफ के 2 और जवान संक्रमित: दिल्ली स्थित सीआरपीएफ की 31वीं बटालियन में 2 और जवानों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इस बटालियन में संक्रमितों की संख्या 137 हो गई है। देशभर में इस सुरक्षा बल के 146 जवान संक्रमित हैं।
- शराब दुकानों पर भीड़ को लेकर अपील: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शराब दुकानों के बाहर लाठीचार्ज को दुर्भाग्यपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि हमें 3 बातें सुनिश्चित करनी होंगी। पहली- बाहर निकलें तो मास्क जरूर पहनें। दूसरी- सोशल डिस्टेंसिंग की आदत डालें। तीसरी- हाथ धोएं या सैनिटाइज करते रहें।
- आंध्र में मंगलवार से ऑफिस खुलेंगे: मुख्यमंत्री जगनमोहन रेड्डी ने मंगलवार से सरकारी दफ्तर खोलने का फैसला लिया है। जबकि अमरावती में राज्य सचिवालय के एक तिहाई कर्मचारी सोमवार से ही ड्यूटी पर लौट चुके हैं। वहीं, तेलंगाना में फंसे लोग दूसरे राज्यों में जाने के लिए ई-पास बनवा रहे हैं। पुलिस विभाग की ओर से 7 हजार पास जारी हो चुके हैं।
शराब की दुकानें खुलने से पहले ही लंबी लाइन लगीं
देशभर में सोमवार से लॉकडाउन का तीसरा फेज शुरू हो गया। इसके साथ कई प्रदेशों में ग्रीन और ऑरेंज जोन में रियायतें भी मिलने लगीं। गोवा और आंध्रप्रदेश में सुबह से सलून खुल गए। वहीं, कर्नाटक में सरकार ने शराब दुकानें खोलने की अनुमति दी। दिल्ली में भी स्टैंड अलॉन शॉप (अलग एक दुकान) से शराब बेची जा सकती है। इन जगहों पर सुबह से ही लोगों की लंबी कतार देखी गईं।
5 दिन जब संक्रमण के सबसे ज्यादा मामले आए
दिन | मामले |
03 मई | 2676 |
02 मई | 2567 |
01 मई | 2396 |
28 अप्रैल | 1902 |
25 अप्रैल | 1835 |
26 राज्य, 6 केंद्र शासित प्रदेशों में फैला संक्रमण
कोरोनावायरस का संक्रमण देश के 26 राज्यों में फैला है। 6 केंद्र शासित प्रदेश भी इसकी चपेट में हैं। इनमें दिल्ली, चंडीगढ़, अंडमान-निकोबार, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और पुडुचेरी शामिल हैं।
राज्य | कितने संक्रमित | कितने ठीक हुए | कितनी मौत |
महाराष्ट्र | 14541 | 2465 | 583 |
गुजरात |
5804 | 1195 | 319 |
दिल्ली | 4898 | 1431 | 64 |
मध्यप्रदेश | 2942 | 856 | 165 |
राजस्थान |
3061 | 1356 | 75 |
तमिलनाडु | 3550 | 1409 | 31 |
उत्तरप्रदेश | 2766 | 802 | 43 |
आंध्रप्रदेश | 1650 | 524 | 33 |
तेलंगाना | 1085 | 585 | 29 |
पश्चिम बंगाल | 1259 | 218 | 133 |
जम्मू-कश्मीर | 726 | 303 | 8 |
कर्नाटक | 651 | 321 | 27 |
केरल | 500 | 462 | 4 |
पंजाब |
1232 |
128 |
23 |
हरियाणा | 517 | 254 | 6 |
बिहार | 528 | 124 | 4 |
ओडिशा | 169 | 60 | 1 |
झारखंड |
115 | 27 | 3 |
उत्तराखंड | 60 | 39 | 1 |
हिमाचल प्रदेश | 41 | 34 | 2 |
असम | 43 | 33 | 1 |
छत्तीसगढ़ | 58 | 36 | 0 |
चंडीगढ़ | 102 | 21 | 1 |
अंडमान-निकोबार |
33 | 32 | 0 |
लद्दाख | 42 | 17 | 0 |
मेघालय | 12 | 10 | 1 |
पुडुचेरी |
12 | 6 | 0 |
गोवा | 7 | 7 | 0 |
मणिपुर | 2 | 2 | 0 |
त्रिपुरा | 29 | 2 | 0 |
अरुणाचल प्रदेश | 1 | 1 | 0 |
मिजोरम | 1 | 1 | 0 |
ये आंकड़े covid19india.org और राज्य सरकारों से मिली जानकारी के अनुसार हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, कुल संक्रमित 42 हजार 836 हैं। 29 हजार 685 का इलाज चल रहा है। 11 हजार 762 ठीक हो चुके हैं और 1389 की मौत हुई।
5 राज्य और 1 केंद्र शासित प्रदेश का हाल
- मध्यप्रदेश, संक्रमित- 2942: यहां सोमवार को 105 संक्रमित मिले। प्रदेश के ग्रीन और ऑरेंज जिलों में दुकानें खुलने लगी हैं। मंगलवार से शराब और भांग की दुकानें भी खुलेंगी। हालांकि, राज्य सरकार हॉटस्पॉट में शामिल इंदौर, भोपाल, जबलपुर, ग्वालियर, खंडवा, धार, बड़वानी और देवास को लेकर बहुत सतर्क है। इन जिलों में फिलहाल कोई रियायत नहीं दी गई है।

- उत्तरप्रदेश, संक्रमित- 2766: राज्य में सोमवार को 121 नए मरीज मिले। उत्तरप्रदेश में लॉकडाउन फेज-3 में कंटेनमेंट एरिया में कोई छूट नहीं दी गई है। इसके अलावा रेड, ऑरेंज और ग्रीन जोन में राहत दी गई हैं। कंटेनमेंट क्षेत्र को छोड़कर अधिकांश जिलों में सुबह 10 बजे से शाम 7 बजे तक शराब की एकल दुकानें खुल सकेंगी। ग्रामीण क्षेत्रों में उद्योग और निर्माण के काम शुरू करने की अनुमति दी गई है।

- महाराष्ट्र, संक्रमित- 14541: यहां सोमवार को सबसे ज्यादा1567 मामले सामने आए। राज्य सरकार ने मुंबई और पुणे को छोड़कर पूरे महाराष्ट्र में शराब की दुकानें खोलने का निर्णय लिया है। पुणे और मुंबई में प्राइवेट ऑफिस और उद्योग पूरी तरह बंद रहेंगे। सरकारी दफ्तरों में सिर्फ 33 फीसदी कर्मचारी काम करेंगे। कंटेनमेंट जोन सील रहेंगे। राज्य के अन्य जिलों में कहां और क्या छूट मिलेगी, ये वहां के कलेक्टर तय करेंगे।

- राजस्थान, संक्रमित- 3061: यहां सोमवार को 175 कोरोना संक्रमितों की पुष्टि हुई। इनमें से जोधपुर में 89, चित्तौड़गढ़ में 23, जयपुर में 29, पाली में 15 मरीज मिले हैं। प्रदेश में अब तक 1356 मरीजों की अस्पताल से छुट्टी हो चुकी है, जबकि 75 की मौत हुई।

- बिहार, संक्रमित- 528: यहां सोमवार को संक्रमण के 11 मामले सामने आए। इनमें से 5 मरीज मधुबनी में और एक पश्चिमी चंपारण में मिला। राज्य में 38 में से 31 जिले संक्रमण की चपेट में हैं। संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए राज्य सरकार ने लॉकडाउन फेज 3 में ज्यादा छूट नहीं देने का फैसला किया है। पूरे बिहार को रेड और ऑरेंज जोन में बांटा है। ग्रीन जोन नहीं होगा। 5 जिले मुंगेर, रोहतास, बक्सर, पटना और गया रेड जोन में हैं। बाकी 33 जिले ऑरेंज जोन में हैं।

पटना में कलाकार यमराज का रूप रखकर सड़कों पर निकले। उन्होंने लोगों को कोरोना महामारी के प्रति जागरूक किया और लॉकडाउन के दौरान घरों में ही रहने की अपील की।
दिल्ली, संक्रमित- 4898: यहां सोमवार को 349 नए मरीज सामने आए। कल एक दिन में सबसे ज्यादा 427 संक्रमित मिले थे। लॉकडाउन फेज-3 में ग्रीन और ऑरेंज जोन में कई रियायतें दी गई हैं। सोमवार सुबह 9 से 11 बजे तक शराब के ठेके भी खुले। कई जगहों पर दुकान खुलने से पहले ही लंबी कतार लग गईं। कश्मीरी गेट और बुराड़ी समेत कुछ जगहों पर शराब की दुकानों पर इतनी भीड़ लगी कि पुलिस को लाठी चार्ज करना पड़ा। बाद में पुलिस ने एसडीएम से अनुमति लेकर सभी ठेके बंद करवा दिए।

सभी अपडेट के लिए हमें Facebook और Twitter पर फ़ॉलो करें
राष्ट्र निर्माण में सहयोग के लिए करें. (9887769112)
हमारी स्वतंत्र पत्रकारिता को सरकार और कॉरपोरेट दबाव से मुक्त रखने के लिए आर्थिक मदद करे